नई त्रासदी के बाद वही पुरानी पटकथा
आखिर एक आम इंसान कहां सुरक्षित है, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में या किसी सुदूर गांव में? हमारे देश में कुछ लोगों ने व्यवस्था के भीतर रहकर ऐसी कहानी लिखी है, जिसकी पटकथा हमेशा एक जैसी होती है। हादसा होने के बाद "माफ कीजिए", किसी की मौत के बाद मुआवजे का ऐलान। आज़ादी के बाद से आज तक व्यवस्था में बैठे कुछ लोगों ने जनता के विश्वास के साथ लगातार विश्वासघात किया है। वे इस व्यवस्था में दीमक की तरह अंदर ही अंदर इसे खोखला करते रहे हैं। इसका ताज़ा उदाहरण मुंबई है, जहां भारी बारिश के दौरान एक खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा मुंबई की मेयर ने की। लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी इंसान की जान की कीमत केवल मुआवजे से चुकाई जा सकती है? यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की घोर लापरवाही का परिणाम है। यही कारण है कि ऐसी घटनाओं का सिलसिला कभी खत्म होता दिखाई नहीं देता। हाल ही में दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में लगी आग, मोरबी पुल हादसा और गोवा के एक नाइट क्लब में लगी आग जैसी घटनाओं को भी महज हादसा कह...