देश की राजधानी में नाबालिग ने कार से बच्ची को कुचल दिया, इन मामलों के आंकड़े चौंका देने वाले हैं
दिल्ली के पहाड़गंज में एक 15 वर्षीय नाबालिग ने दो वर्षीय बच्ची को कार से कुचल दिया। इस घटना को सीसीटीवी फुटेज में देखा गया, जिसमें दो वर्षीय बच्ची खेल रही है। उसके सामने दो अन्य बच्चियाँ भी दिखती हैं, जो स्कूटी के पास खड़ी होती हैं। वहाँ कुछ लोग मौजूद हैं, जो आपस में बातचीत कर रहे हैं। बच्ची खेलते-खेलते अपनी गली में बैठ जाती है। तभी पड़ोसी 15 वर्षीय नाबालिग गली से कार निकाल रहा होता है। कार बच्ची के नजदीक थोड़ी धीमी होती है, लेकिन अचानक नाबालिग ने जैसे ही कार आगे बढ़ाई, बच्ची कार के पहिए के नीचे आ गई। सामने से दौड़ते हुए एक व्यक्ति आया और बच्ची को कार के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान दो वर्षीय बच्ची ने दम तोड़ दिया। आँकड़े बहुत कुछ कहते हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा राज्यसभा में दिए गए आँकड़ों के अनुसार, 2023-2024 में नाबालिग ड्राइवरों के कारण कुल 11,890 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं। इन तमाम घटनाओं के लिए कौन जिम्मेदार है? यह प्रश्न स्वयं से पूछा जाना चाहिए।